आगरा में रोडवेज बस ने बुलेट सवार को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत
आगरा के एत्मादद्दौला थाना क्षेत्र में हाईवे पर गल्ला मंडी के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बुलेट सवार को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस पहचान के प्रयास में जुटी है।
आगरा। एत्मादद्दौला थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। हाईवे पर गल्ला मंडी के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर शव क्षत-विक्षत हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से मिले सामान और बाइक के आधार पर उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में रोडवेज बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, जिससे दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है।
एत्मादद्दौला क्षेत्र में हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा बस और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।