सपा को झटका, आगरा के पूर्व छात्र नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ

सपा के पूर्व नगर छात्र नेता एवं पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. मदन मोहन शर्मा ने लखनऊ में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए डॉ. शर्मा ने राहुल गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से प्रेरित होने की बात कही। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन को आगरा समेत पूरे प्रदेश में जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा छात्र, शिक्षक, युवा और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Sep 27, 2026 - 19:55
 0
सपा को झटका, आगरा के पूर्व छात्र नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सपा के पूर्व छात्र नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराते हुए।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर छात्र नेता एवं पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. मदन मोहन शर्मा ने रविवार को लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा। उनके कांग्रेस में शामिल होने के दौरान आगरा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ‘मीनू’ तथा खंड स्नातक विधान परिषद सदस्य क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी राहुल राज भी मौजूद रहे।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि वह राहुल गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से प्रेरित होकर कांग्रेस परिवार का हिस्सा बने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस संगठन के लिए काम करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। डॉ. शर्मा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस को बूथ और जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के लिए कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में मजबूत करने के लिए वह सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र, शिक्षक, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर वह आगे भी सक्रिय रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ जुड़कर संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि आम लोगों की समस्याओं और उनकी आवाज को संगठन के माध्यम से प्रभावी तरीके से सामने लाया जाए। डॉ. शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने के दौरान मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के विस्तार और नए नेताओं को जोड़ने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।