डेब्यू में ही छा गईं शिवानी सिंह: ‘सुपरवुमन कैच’ से वुमेंस प्रीमियर लीग में मचाया तूफान

नवी मुंबई। वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में बुधवार की शाम एक नए सितारे के नाम रही। गुजरात जायंट्स की ओर से अपना पहला ही मुकाबला खेल रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज शिवानी सिंह ने डेब्यू मैच में ऐसा करिश्मा कर दिखाया कि स्टेडियम से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह उन्हीं की चर्चा होने लगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले में शिवानी ने एक हाथ से हवा में उड़कर अविश्वसनीय कैच लपका और देखते-ही-देखते मैच की सबसे बड़ी हाइलाइट बन गईं।

Jan 16, 2026 - 22:48
 0
डेब्यू में ही छा गईं शिवानी सिंह: ‘सुपरवुमन कैच’ से वुमेंस प्रीमियर लीग में मचाया तूफान
शिवानी सिंह।

एक कैच और रातों-रात स्टार

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में शिवानी सिंह को आयुषी सोनी की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया था। डेब्यू मैच का दबाव अक्सर खिलाड़ियों को जकड़ लेता है, लेकिन शिवानी ने मैदान पर उतरते ही अपने बेखौफ अंदाज से सबको चौंका दिया।
फील्डिंग के दौरान उन्होंने तेजी से दौड़ते हुए एक हाथ से हवा में छलांग लगाई और नामुमकिन लग रहा कैच सुरक्षित लपक लिया। कमेंटेटर्स ने इसे सुपरवुमन मोमेंट करार दिया, वहीं दर्शक सीटों से खड़े होकर तालियां बजाते नजर आए। कुछ ही मिनटों में इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने शिवानी की तुलना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ फील्डर्स से कर दी।

टॉस जीतकर गुजरात ने चुनी गेंदबाजी

इससे पहले गुजरात जायंट्स की कप्तान एशले गार्डनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने कहा कि डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच पर शाम के समय ओस अहम भूमिका निभाती है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के चलते लक्ष्य का पीछा करना अपेक्षाकृत आसान रहता है, इसलिए चेज करना उनकी रणनीति थी।
वहीं, आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि टॉस उनके हाथ में नहीं था, लेकिन टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार है।

टॉप पर पहुंचने की सीधी जंग

यह मुकाबला अंक तालिका के लिहाज से भी बेहद अहम है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जायंट्स, दोनों के खाते में दो-दो जीत दर्ज हैं। आरसीबी पहले और गुजरात तीसरे स्थान पर है। आज की जीत के साथ जो भी टीम मैदान से बाहर निकलेगी, वह तीन जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 बन जाएगी।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात जायंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, शिवानी सिंह (डेब्यू), जॉर्जिया वेयरहम, भारती फुलमाली, कशवी गौतम, कनिका आहूजा, तनुजा कनवर, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका सिंह

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, डी. हेमलता, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गौतमी नाइक, राधा यादव, नादिन डी क्लर्क, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, लिन्से स्मिथ, लॉरेन बेल।

SP_Singh AURGURU Editor