सूरकुटी पर मंदिर में अवांछनीय तत्वों ने विदेशी महिला से की बदसलूकी, पुलिस ने मौके से पकड़े हमलावर छोड़ दिए, महिला के साथ मौजूद रुनकता के दो भाइयों से ही मंदिर में प्रवेश की परमिशन मांगने लगे चौकी इंचार्ज

आगरा। रुनकता स्थित सूरकुटी और पास ही स्थित मंदिर में राधाष्टमी के दिन एक विदेशी महिला समेत तीन लोगों के साथ अभद्रता, गालीगलौज और धक्कामुक्की किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन कुछ देर बाद रुनकता चौकी इंचार्ज ने दोनों को छोड़ दिया। इसके बाद उल्टे पीड़ितों से विदेशी महिला के मंदिर परिसर में प्रवेश और मोबाइल साथ ले जाने की अनुमति मांगी गई। पूरे घटनाक्रम की शिकायत पीड़ित सौरभ सिंह ने पुलिस आयुक्त से की है और चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Sep 21, 2026 - 21:15
 0
सूरकुटी पर मंदिर में अवांछनीय तत्वों ने विदेशी महिला से की बदसलूकी, पुलिस ने मौके से पकड़े हमलावर छोड़ दिए, महिला के साथ मौजूद रुनकता के दो भाइयों से ही मंदिर में प्रवेश की परमिशन मांगने लगे चौकी इंचार्ज

राधाष्टमी पर मंदिर दर्शन को गई थी विदेशी मेहमान

घटना 19 सितंबर की है। रुनकता निवासी सौरभ सिंह अपने भाई भानु प्रताप सिंह के साथ राधाष्टमी के दिन सूरकुटी और वहां स्थित मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। उनके साथ 65 वर्षीय विदेशी महिला जूली बेंटले भी थीं। जूली बेंटले कंट्रीसाइड डर्बीसायर, यूनाइटेड किंगडम की निवासी हैं और भानु प्रताप सिंह को अपना बेटा मानती हैं। वह मेहमान के रूप में भानु प्रताप के रुनकता स्थित आवास पर आई हुई थीं।

विदेशी महिला को मंदिर ले जाने पर रोका

शिकायत के अनुसार, तीनों जब सूरकुटी स्थित मंदिर की ओर बढ़े तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने विदेशी महिला को मंदिर में ले जाने पर आपत्ति जताई। सौरभ सिंह ने बताया कि वह रुनकता के निवासी हैं, इसके बावजूद कथित तौर पर विवाद बढ़ गया और उनके साथ गालीगलौज तथा धक्कामुक्की की गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने फावड़े से प्रहार करने की भी कोशिश की।

112 पर सूचना, पुलिस पहुंची तो उनसे भी उलझे

घटना की जानकारी भानु प्रताप सिंह ने अपने पिता नारायण सिंह को फोन पर दी। नारायण सिंह ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। शिकायत के मुताबिक, डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद कुछ लोग पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने रुनकता चौकी इंचार्ज को घटना की जानकारी दी।

दो आरोपी पकड़े, फिर कुछ देर बाद छोड़ दिए

शिकायत में कहा गया है कि रुनकता चौकी इंचार्ज स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों में शामिल प्रेम सिंह निवासी अरसैना तथा रविंद्र उर्फ गुड्डू निवासी पुष्पदीप एन्क्लेव, बोदला रोड को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ अन्य आरोपी मौके से भाग गए।

पीड़ित का आरोप है कि भागे हुए लोग किसी से फोन पर बात करने लगे, जबकि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने भी चौकी इंचार्ज को अलग ले जाकर बातचीत की। इसके कुछ देर बाद चौकी इंचार्ज का रुख बदल गया और उन्होंने पीड़ित सौरभ सिंह तथा भानु प्रताप सिंह से ही सवाल करना शुरू कर दिया कि क्या उनके पास मंदिर परिसर की ओर आने और मोबाइल साथ लाने की अनुमति है। शिकायत के अनुसार, अनुमति दिखाने को कहने के बाद चौकी इंचार्ज ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को छोड़ दिया।

घटना से आहत होकर समय से पहले लौटीं जूली बेंटले

घटना से जूली बेंटले इतनी आहत हुईं कि वह निर्धारित समय से पहले ही रुनकता छोड़कर अपने स्वदेश लौट गईं। पीड़ितों के अनुसार, जूली बेंटले निःसंतान हैं और भानु प्रताप सिंह को अपना बेटा मानती हैं। इसी संबंध के चलते वह भानु प्रताप से मिलने के लिए रुनकता आई थीं।

पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की मांग

पीड़ित सौरभ सिंह ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस आयुक्त से की है। उन्होंने मामले में कथित रूप से अभद्रता और मारपीट करने वाले लोगों की गिरफ्तारी तथा रुनकता चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने का भी अनुरोध किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor