महिलाओं ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार, सपा नेत्री मोनिका नाज खान पर झूठे मुकदमे और ब्लैकमेलिंग के आरोप
आगरा। समाजवादी पार्टी की नेत्री मोनिका नाज खान पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने, ब्लैकमेलिंग, धमकी देने और 20 लाख रुपये की कथित अवैध वसूली मांगने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता रोहित उर्फ नासिर हुसैन के परिवार की महिलाएं सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचीं और पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर कथित उत्पीड़न की निष्पक्ष जांच तथा परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की।
परिवार की महिलाओं ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि मोनिका नाज खान की वजह से उनका परिवार लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना, मुकदमों और धमकियों का सामना कर रहा है। महिलाओं ने बताया कि लगातार कथित धमकियों और ब्लैकमेलिंग के कारण परिवार के सदस्य भय और तनाव में हैं।
2021 में दर्ज मुकदमे को लेकर लगाया आरोप
शिकायतकर्ता रोहित उर्फ नासिर हुसैन का आरोप है कि वर्ष 2021 में लोहामंडी थाने में उसके और उसके भाई के खिलाफ झूठे तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायत में कहा गया है कि अब इसी मुकदमे का भय दिखाकर 20 लाख रुपये की कथित अवैध वसूली की मांग की जा रही है।
सोशल मीडिया से छवि खराब करने का भी आरोप
परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से परिवार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं ने पुलिस आयुक्त को अपनी शिकायत बताते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में रह रहा है।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
शिकायतकर्ता और उसके परिवार ने पुलिस आयुक्त से कथित झूठे मुकदमे, ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और धमकी देने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही पूरे परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
पुलिस आयुक्त कार्यालय में परिवार की महिलाओं ने भावुक होकर अपनी शिकायत रखी और न्याय की गुहार लगाई। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही उनकी वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।