यूपी की बेटी का एशियाई गेम्स में कमाल, चार सौ मीटर रेस में प्राची ने जीता कांस्य, भारत को तीसवां मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारत के मेडल की संख्या 30 हो गई है। 30वां मेडल देश को महिलाओं की 400 मीटर रेस में यूपी के सहारनपुर की प्राची चौधरी ने दिलाया।
नागोया। भारत की प्राची चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 की महिला 400 मीटर दौड़ के फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। वह 53.21 सेकंड का समय निकालकर तीसरे नंबर पर रहीं। बहरीन की सलवा नासेर ने 49.20 सेकंड में रेस पूरी करके एकतरफा गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने इस दौरान एशियन गेम्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। ईरान की जहरा जारेई मनौजान ने 52.38 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
यूपी के सहारनपुर की 29 साल की प्राची चौधरी का यह मेडल एशियन गेम्स 2026 में भारत का 30वां मेडल है। अभी तक भारत के खाता में 4 गोल्ड के अलावा 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल आए हैं। महिलाओं की 400 मीटर रेस में प्राची के साथ किरण पहल भी थीं। 53.41 सेकंड का समय लेकर किरण को 5वें स्थान से संतोष करना पड़ा।
महिलाओं की 400 मीटर रेस के फाइनल के बाद पुरुषों के 400 मीटर का फाइनल हुआ। इसमें भारत के विशाल टीके उतरे। वह मेडल नहीं जीत पाए। विशाल ने 45.48 सेकंड में रेस पूरी की। वह 8 रेसर में 5वें नंबर पर रहे। थाईलैंड के जोशुआ एटकिंसन ने इस इवेंट का गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 44.90 सेकंड में रेस पूरी की। यूएई के सुलेमान अब्दुलरहमान को सिल्वर और जापान के युकी जोसेफ नाकाजिमा को ब्रॉन्ज मेडल मिला।