गोकुल के ब्रह्मांड घाट पर उतरे स्वयंसेवक, कचरा उठाकर दिया स्वच्छ ब्रज का संदेश, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
मथुरा। ब्रज की धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ब्रज वैभव अभियान के तहत गोकुल के ब्रह्मांड घाट पर स्वयंसेवकों ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। घाट और आसपास के क्षेत्र से कचरा एकत्र करने के साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि ब्रज की स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं, दुकानदारों और तीर्थयात्रियों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
हार्टफुलनेस की ओर से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान की शुरुआत स्वयंसेवकों के सामूहिक ध्यान से हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने ब्रह्मांड घाट और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता सेवा की तथा वहां मौजूद कचरे को एकत्र किया।
स्वयंसेवकों ने घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रज की पवित्रता, प्राकृतिक स्वरूप और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। इस दौरान लोगों को ‘ब्रज की स्वच्छता हम सबकी जिम्मेदारी है’ का संदेश दिया गया
अभियान के अलावा संस्था की ओर से कोकिलावन, वृंदावन, गोवर्धन सहित ब्रज के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन पैकेट भी वितरित किए गए।
स्वच्छता अभियान में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से चंद्रिका यादव ने नेतृत्व किया। हार्टफुलनेस की ओर से विशाल, संदीप खन्ना, पी.एन. तिवारी, जितेंद्र पाल सिंह, संजय शर्मा, आर.वी. सिंह, योगेंद्र सिंह, निष्ठा पाठक सहित अनेक स्वयंसेवक एवं सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।