कंगना रनौत प्रोटेस्ट देख डरीं, सता रहा था हमले का डर, बोलीं- दिल्ली पुलिस ने चोटें खाईं
संसद मार्च के लिए देशभर से जुटी युवकों की भीड़ ने हर किसी को हिलाकर रख दिया। संसद के बाहर जो माहौल था, उसे देखकर अंदर के लोग काफी डर गए। एक्ट्रेस कंगना रनौत ने कहा कि वो बहुत डर गई थीं। उन्हें लग रहा था कि प्रोटेस्टर्स उनपर अटैर कर देंगे।
नई दिल्ली। सोमवार सुबह हजारों प्रदर्शनकारी संसद तक एक नियोजित लेकिन बिना अनुमति वाले मार्च के लिए दिल्ली में जमा हो गए। स्थिति जल्द ही अफरातफरी में बदल गई, जब पुलिस ने बैरिकेड्स पार करने वाली और राजधानी के बड़े हिस्से को ठप करने वाली भारी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े।
मानसून सत्र के दौरान संसद में मौजूद एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के बीच संसद परिसर के अंदर हुई घटनाओं के बारे में मीडिया से बात की। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'हम लोग घबरा गए थे। गेट भी बंद कर दिए गए थे। सांसद भी कैद हो गए थे… भीड़ किस तरह से हमला करती हुई हुई… कल एक वक्त तो ये था कि हम सब बहुत डर गए थे, शायद हम पर हमला कर देंगे।'
उन्होंने कहा, 'लेकिन मैं दिल्ली पुलिस की सराहना करती हूं। उनके बीच में शील्ड बनकर खुद पर पथराव, चोटें खाईं लेकिन जन मानस पर कोई नुकसान नहीं होने दिया।'
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च करने का आह्वान किया, जहां प्रदर्शनकारी एक महीने से डेरा डाले हुए थे। इस आह्वान को भारी समर्थन मिला और सोमवार को हजारों लोग तय प्रदर्शन स्थल पर जमा हो गए। इस दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इनमें संसद की ओर बढ़ रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागना शामिल था।
दस मुख्य सड़कों पर सैकड़ों बैरिकेड लगाकर संसद तक जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए थे, जिससे प्रदर्शनकारी तंग गलियों से होते हुए अचानक एक गोलचक्कर पर इकट्ठा हो गए। दंगा-रोधी साजो-सामान से लैस पुलिसकर्मी धातु के बैरिकेड की कई परतों के पीछे तैनात थे। हंगामा सुबह करीब 10.30 बजे शुरू हुआ जब प्रदर्शनकारियों ने केरल हाउस के पास बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया। सुबह 11.30 बजे, प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर एक बैरिकेड को पार किया और आगे बढ़े, जबकि पुलिस ने लाठीचार्ज किया। करीब 30 मिनट बाद, पटेल चौक और रेल भवन के पास एक और झड़प हुई।
आखिरकार, आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को रायसीना रोड के पास पीछे धकेल दिया गया - यह जगह संसद के गेट से लगभग 50-100 मीटर दूर थी - जहां से वे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में फैल गए। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रदर्शनकारियों ने हिंसक व्यवहार किया। उन्होंने चेतावनियों के बावजूद लागू नियम का उल्लंघन करते हुए पुलिसकर्मियों पर पत्थर और कई चीजों से हमला किया।
पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान दंगा करने, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य अपराधों के लिए FIR दर्ज की जा रही है। बयान में कहा गया है कि लगभग 70 लोगों को हिरासत में लिया गया और कम से कम 118 पुलिसकर्मी घायल हुए। बयान में यह भी कहा गया कि लगभग 15-20 वाहनों और सरकारी संपत्ति में तोड़-फोड़ की गई।